
ग्वालियर: शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर चौराहे के पास शाम के समय मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोमोज के ठेले पर हुए विवाद के बाद अज्ञात बदमाशों ने एक युवक के सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान विवेक मीणा के रूप में हुई है, जो Blinkit में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। परिजनों के मुताबिक विवेक किसी काम से आनंद नगर चौराहे के पास पहुंचा था। इसी दौरान मोमोज के ठेले पर खड़े कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। परिजनों का कहना है कि विवेक की आरोपियों से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान बदमाशों ने विवेक के सिर में गोली मार दी। गोली चलने के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विवेक को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। थाना प्रभारी आलोक परिहार के अनुसार, डॉक्टरों ने जांच के बाद विवेक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है।
ट्रॉमा सेंटर पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ता
मृतक विवेक मीणा को बजरंग दल के सहमंत्री चेतन मीणा का भाई बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। वारदात के पीछे के वास्तविक कारण और आरोपियों की पहचान पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़े – भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया सहसंयोजक आशीष अग्रवाल का ग्वालियर में जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं ने बरसाए फूल
- gwalior-bahodapur-momos-dispute-youth-vivek-meena-shot-dead-accused-absconding










