
राजधानी में दिसंबर महीने में होने वाले एक बड़े इवेंट की तैयारियां अभी से जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी आयोजन की कमान एक आईएएस अफसर की पत्नी के हाथों में है। लेकिन इस बार इवेंट को खास और यादगार बनाने के लिए मैडम को अकेले मशक्कत नहीं करनी पड़ रही है। उनके आईएएस पति ने खुद मैदान में उतरकर पूरा मोर्चा संभाल लिया है। साहब फिलहाल दिल्ली में डेप्युटेशन पर पदस्थ हैं, लेकिन पत्नी के इस सालाना आयोजन के लिए दिल्ली से प्रदेश की राजधानी तक दौड़ लगा रहे हैं। पिछले दिनों साहब खास तौर पर कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने राजधानी पहुंचे। यहां उन्होंने सरकारी अमले के साथ बाकायदा बैठक की और आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में साहब ने यह भी बताया कि कार्यक्रम के लिए एक मंत्री ने अपनी सहमति दे दी है, जबकि मुख्यमंत्री के भी इसमें शामिल होने की संभावना है। इसके बाद तो आयोजन को भव्य बनाने के निर्देशों की झड़ी लग गई। सरकारी अमले को साफ संदेश दे दिया गया कि कार्यक्रम में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। अब दिसंबर में होने वाले इस निजी आयोजन की तैयारियों में सरकारी मशीनरी की सक्रियता देखकर कई लोगों की भौंहें भी तन गई हैं। सवाल यह है कि दिल्ली में पदस्थ साहब को अपनी पत्नी के आयोजन के लिए इतनी मशक्कत क्यों करनी पड़ रही है और सरकारी अमला भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी ताकत क्यों झोंक रहा है?
फिलहाल इतना जरूर है कि मैडम का इवेंट अभी हुआ नहीं है, लेकिन साहब की सक्रियता ने उसे पहले ही राजधानी के चर्चित आयोजनों में शामिल कर दिया है। आयोजन की तैयारियों को लेकर सरकारी अमले की भूमिका और अधिकारियों की सक्रियता भी चर्चा का विषय बन गई है। निजी आयोजन को भव्य बनाने के लिए जिस तरह से साहब खुद राजधानी पहुंचकर तैयारियों में जुटे हैं, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दिसंबर में होने वाले इस आयोजन पर अब लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
- ias-husband-wife-event-government-machinery








