
झांसी/राजकुमार शर्मा की रिपोर्ट: अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के 60 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश-दुनिया में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इस्कॉन झांसी द्वारा भव्य हरिनाम संकीर्तन यात्रा के साथ जन्माष्टमी महोत्सव और श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। संकीर्तन यात्रा के दौरान शहर की सड़कों पर भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष और महामंत्र के जाप से भक्तिमय माहौल बन गया।
राधा-कृष्ण के विग्रह के साथ निकली संकीर्तन यात्रा
हरिनाम संकीर्तन यात्रा की शुरुआत हरे कृष्ण मंदिर, इस्कॉन से हुई। यात्रा सिटी चर्च, सिंधी तिराहा, कोतवाली का ढाल, गंधीघर का टपरा, सराफा बाजार, पोस्ट ऑफिस, जवाहर चौक, मालिनों का चौराहा, मुरली मनोहर मंदिर, गांधी रोड, सुभाष गंज और रानी महल होते हुए वापस इस्कॉन मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान आकर्षक रथ पर श्री राधा-कृष्ण के विग्रह विराजमान रहे। भक्तों ने संकीर्तन और नृत्य के माध्यम से भगवान के पवित्र नाम का गुणगान किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान आमजन के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया गया।
महामंत्र के संकीर्तन से गूंजा शहर
संकीर्तन यात्रा में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से ‘हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे’ महामंत्र का जाप किया। इस्कॉन भक्तों के अनुसार, हरिनाम संकीर्तन की परंपरा को श्री चैतन्य महाप्रभु ने व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया था। इसे कलियुग में आध्यात्मिक उन्नति का सरल माध्यम माना जाता है। इसी संदेश के साथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान के नाम के संकीर्तन से जुड़ने का संदेश दिया गया।
2 से 4 सितंबर तक होगा भव्य जन्माष्टमी महोत्सव
इस्कॉन झांसी की ओर से 2, 3 और 4 सितंबर 2026 को क्राफ्ट मेला मैदान में तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में युवाओं के लिए विशेष आयोजन, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़े विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव को लेकर आयोजकों की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
वृंदावन से आए कथावाचक सुना रहे श्रीमद्भागवत कथा
जन्माष्टमी महोत्सव के साथ इस्कॉन मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का भी आयोजन किया जा रहा है। वृंदावन से पहुंचे श्री केशव दास जी द्वारा कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े संदेशों से परिचित कराया जा रहा है।
बुंदेलखंडवासियों से परिवार सहित पहुंचने की अपील
इस्कॉन झांसी के अध्यक्ष ब्रजभूमि दास, उपाध्यक्ष व्रज जन रंजन दास, प्रिय गोविंद दास, श्याम विलास दास, महेश्वर चंद्र दास और भक्त विपिन ने बुंदेलखंड के लोगों से परिवार सहित जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया। आयोजकों ने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, भक्ति और आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर भी है। संकीर्तन यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति पीयूष रावत ने आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़े – झांसी में Influenza-A H1N1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, CMO कार्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम स्थापित
- jhansi-iskcon-60th-anniversary-harinam-sankirtan-yatra-janmashtami-mahotsav-begins









