
परशुराम रैकवार|खजुराहो से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। टीवी 24 एमपी/सीजी के खजुराहो रिपोर्टर परशुराम रैकवार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र भेजकर सुरक्षा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। रैकवार ने खजुराहो में 23 सितंबर को हुए एक कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों पर कथित तौर पर धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
कार्यक्रम के दौरान धमकी का आरोप
23 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प यात्रा कार्यक्रम के दौरान खजुराहो के ननोरा तालाब में आयोजित कार्यक्रम में उनके साथ कथित तौर पर विवाद हुआ।
आरोप है कि खजुराहो सांसद वीडी शर्मा की मौजूदगी में राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया ने उन्हें सार्वजनिक रूप से जूता मारने की धमकी दी। वहीं, खजुराहो नगर परिषद अध्यक्ष अरुण अवस्थी पर भी उन्हें कथित तौर पर मारकर तालाब में फेंकने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। दावा है कि घटना के समय सांसद वीडी शर्मा मौके पर मौजूद थे और उनके सामने ही पूरा घटनाक्रम हुआ।
यह भी पढ़े: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6 देशों की कंपनियां, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में लगेगा कारोबार का बड़ा मंच
पहले भी धमकी मिलने का दावा
राष्ट्रपति को भेजे पत्र में रैकवार ने दावा किया है कि उन्हें 12 फरवरी 2025 और 25 सितंबर 2025 को भी कथित तौर पर धमकियां दी गई थीं। उन्होंने पूर्व में सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचाने का प्रयास किए जाने की बात भी कही है। अब उन्होंने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करते हुए सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्थानीय राजनीतिक प्रभाव से मुक्त जांच की मांग
परशुराम रैकवार ने अपनी शिकायत में खुद और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही 23 सितंबर की कथित घटना और पहले मिली धमकियों की जांच कराने का अनुरोध किया है।
उन्होंने जांच स्थानीय राजनीतिक प्रभाव से मुक्त अधिकारी या एजेंसी से कराने की मांग भी रखी है। रैकवार का कहना है कि एक पत्रकार के तौर पर जनता से जुड़े मुद्दे उठाना उनका काम है और उनकी शिकायत का उद्देश्य कानून के अनुसार सुरक्षा और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना है।
फिलहाल पत्रकार की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जिन जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है। ऐसे में जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब नजर इस बात पर है कि शिकायत पर प्रशासन और पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
- khajuraho-journalist-threat-complaint-president








