
कुलदीप शर्मा| शिवपुरी के खनियाधाना में ट्रक से सीमेंट की बोरियां उतारते समय 26 वर्षीय मजदूर 11 KV बिजली लाइन की चपेट में आ गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खनियाधाना, शिवपुरी। खनियाधाना थाना क्षेत्र के पनिहारा तिराहा पर बीते शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ट्रक से सीमेंट की बोरियां उतारते समय 26 वर्षीय मजदूर ऊपर से गुजर रही 11 KV हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक नीचे गिर गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रक पर चढ़कर सीमेंट उतार रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 6 के राजबाड़ा मोहल्ला निवासी हेमंत रजक (26) पुत्र गोपाल रजक मजदूरी का काम करता था। वह पनिहारा तिराहा पर कम्मा साहू के यहां खड़े ट्रक क्रमांक RJ09GD8725 से सीमेंट की बोरियां उतार रहा था।
बताया गया कि हेमंत ट्रक के ऊपर मौजूद था। इसी दौरान ट्रक के थोड़ा आगे बढ़ने पर वह ऊपर से गुजर रही 11 KV बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह ट्रक से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय उसके साथ काम कर रहे कमल रजक, फूल सिंह रजक और अवधेश रजक ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
यह भी पढ़े: राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलते ही हेमंत के बड़े भाई नीरज रजक और पिता गोपाल रजक मौके पर पहुंचे। परिजन उसे तत्काल सरकारी अस्पताल खनियाधाना लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद हेमंत को मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खनियाधाना पीएम हाउस में रखवाया गया। मृतक के भाई नीरज रजक की मौखिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस घटना के कारणों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हाईटेंशन लाइन और ट्रक की स्थिति समेत संबंधित परिस्थितियों की भी जांच की जा सकती है।
यह भी पढ़े: Oscars 2027: मराठी फिल्म ‘गोंधल’ बनी भारत की ऑफिशियल एंट्री, सरकार से मदद की अपील
- khaniyadhana-11kv-wire-youth-death-accident









