
मैहर/देवेश शर्मा की रिपोर्ट: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने जिला अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। टीम ने विश्वप्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर, उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम, हेलीपैड और सर्किट हाउस का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने मंच पर अतिथियों की बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, ग्रीन रूम और मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के आवागमन मार्ग का चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा। कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद के सीएमओ को कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, संकेतक और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मां शारदा माता मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति को परिसर की साफ-सफाई और मार्गों के व्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
लोक निर्माण विभाग को कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, मार्ग में स्थित डिवाइडरों की रंगाई-पुताई और हेलीपैड से संबंधित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर रंगोली बनाने और पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला वन मंडलाधिकारी विद्या भूषण मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
- maihar-cm-mohan-yadav-proposed-program-site-inspection-collector-sp-mla








