
भोपाल, 6 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मानित किया। भोपाल के टीटी नगर स्थित मॉडल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। प्रतियोगिता में प्रदेश के 42 हजार से अधिक विद्यालयों के कक्षा 6 से 12वीं तक के करीब 50 लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के विजेता
‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता जिला, विकासखंड और राज्य स्तर पर आयोजित की गई थी। चित्रकला प्रतियोगिता में नरसिंहपुर की आयुषी अहिरवार ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालाघाट की डीनू बोपचे दूसरे और टीकमगढ़ की आयुषी सिद्धि नामदेव तीसरे स्थान पर रहीं। रायसेन के अनुभव राजपूत और डिंडौरी के साजन कुमार बर्मन को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
वहीं भाषण प्रतियोगिता में अशोकनगर की श्रीजी मिश्रा ने पहला स्थान हासिल किया। धार की छवि मंगरेलिया दूसरे और गुना की रानी रजक तीसरे स्थान पर रहीं। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
यह भी पढ़े: लाड़ली बहना योजना पर सीएम मोहन यादव का मजाकिया जवाब, बोले- बहुत महंगी पड़ गई
बच्चों ने बताया कैसा हो उनका भारत
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों के जरिए अपने सपनों के भारत की कल्पना सामने रखी। किसी ने स्वच्छ और सुंदर भारत को चित्रों में उतारा तो किसी ने शिक्षा, रोजगार, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समानता जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली श्रीजी मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि उनके सपनों का भारत ऐसा होना चाहिए, जहां हर बच्चे को सपने देखने और उन्हें पूरा करने का अवसर मिले। उन्होंने प्रतिभा और मेहनत को बच्चे की पहचान का आधार बनाने की बात कही।
बच्चों के लिए सुविधाओं पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए काम कर रही है। उन्होंने अगले दो वर्षों में स्कूलों के जर्जर भवनों की जगह नए भवन तैयार करने का संकल्प दोहराया। सरकार की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी, लैपटॉप, किताब और ड्रेस जैसी सुविधाएं देने तथा शिक्षकों की नई भर्ती की बात भी कही गई।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश में वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की योजनाओं का उल्लेख किया गया। उन्होंने 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 नई स्किल यूनिवर्सिटी शुरू करने तथा नियमित पीएससी परीक्षा के साथ विशेष पीएससी परीक्षा आयोजित करने की बात कही।
विकसित भारत की कल्पना को बच्चों ने दी नई तस्वीर
‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को देश के भविष्य को लेकर अपनी सोच रचनात्मक तरीके से व्यक्त करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में बच्चों ने विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, शिक्षित और समृद्ध भारत की कल्पना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भी विद्यार्थियों की भागीदारी और रचनात्मकता की सराहना की।
- mere-sapno-ka-bharat-competition-mp-winners








