
रतलाम: अवैध मादक पदार्थों और संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना ताल पुलिस ने मकनपुरा क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में डोडाचूरा, अफीम और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मकनपुरा में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण किया गया है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी आमिन खां के मकान के सामने रखे 08 कट्टों और एक इंडिगो कार (GJ05BV0258) में रखे 04 कट्टों से कुल 12 प्लास्टिक बोरों में भरा 208.830 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इसके अलावा 3.480 किलोग्राम अवैध अफीम भी एक प्लास्टिक केन में मिली।
साथ ही मौके से एक अवैध लोहे की पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा राउंड भी जब्त किए गए। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹13.69 लाख आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी आमिन खां, छोटू उर्फ बुक्कु खां और इब्राहिम मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उनकी तलाश शुरू कर दी है और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
फरार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी स्वराज डाबी सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
ये भी पढ़े – रतलाम: 9 साल की मासूम से दरिंदगी करने वाले को दोहरा आजीवन कारावास, कोर्ट ने कहा- अपराधी दया का पात्र नहीं
- ratlam-thana-tal-police-big-action-dodachura-opium-seizure-2026









