
रीवा/त्योंथर: रीवा जिले के त्यौंथर तहसील अंतर्गत जनेह थाना क्षेत्र के ग्राम सूती में रविवार को पुलिस विभाग द्वारा “आपकी पुलिस आपके द्वार” एवं “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया।
जन चौपाल के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, स्थानीय विवाद, यातायात और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि आमजन की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नशे के खिलाफ दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान एसपी डॉ. गुरकरन सिंह ने युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार या संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
एसपी ने ग्रामीणों से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अपराधों की रोकथाम में आम नागरिकों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में एसडीओपी आईपीएस मनस्वी शर्मा, जनेह थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रवीण उपाध्याय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। “आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत आयोजित इस जन चौपाल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना, समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।
ये भी पढ़े – कंधे पर मरीज, हाथ में ग्लूकोज: रीवा के संजय गांधी अस्पताल का वीडियो वायरल, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
- rewa-sp-dr-gurkarn-singh-holds-public-outreach-meeting-in-sooti-village









