
मैहर/देवेश शर्मा की रिपोर्ट: देवीधाम क्षेत्र में संचालित केंद्रीय विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय परिसर में बरसात के कारण उगी घनी घास, झाड़-झंखाड़ और जगह-जगह फैले कबाड़ के चलते मासूम बच्चों पर विषैले जीव-जंतुओं का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक व्यवस्था कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय विद्यालय का संचालन इस वर्ष प्रारंभ हुआ है। स्थायी भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण देवीधाम समिति द्वारा विद्यालय संचालन के लिए यात्री निवास-3 की इमारत एवं परिसर उपलब्ध कराया गया है। लेकिन विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव विद्यालय के अनुरूप नहीं होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के मौसम में पूरे परिसर में घास और झाड़ियां तेजी से फैल गई हैं। ऐसे में सांप, बिच्छू सहित अन्य विषैले जीवों के निकलने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा विद्यालय के कमरों और परिसर में देवीधाम समिति का पुराना कबाड़ भी रखा हुआ है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस संबंध में देवीधाम समिति को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया गया है और परिसर की साफ-सफाई व कबाड़ हटाने का अनुरोध भी किया गया, लेकिन अब तक स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है। अभिभावकों का कहना है कि मामला सीधे छोटे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए प्रशासन और देवीधाम समिति को इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल परिसर की सफाई, झाड़-झंखाड़ हटाने और कबाड़ को हटाने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते टाला जा सके।
ये भी पढ़े – ‘मैहर मल्हार’ में गूंजी सुरों की साधना, संगीत की थाप पर जीवंत हुई मां शारदा की नगरी
- maihar-kendriya-vidyalaya-campus-safety-concerns-over-overgrown-grass-and-scrap








