
सागर: जिले में तेज बारिश के बीच आबचंद गुफा क्षेत्र में गदेरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से 9 बच्चे पानी के तेज बहाव के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी 9 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
4 किलोमीटर घने जंगल से होकर पहुंची रेस्क्यू टीम
22 अगस्त की शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि आबचंद गुफा क्षेत्र में गदेरी नदी के तेज बहाव के कारण 9 बच्चे चारों तरफ से पानी से घिर गए हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने आबचंद गांव के रास्ते से करीब 4 किलोमीटर दुर्गम और घने जंगल का रास्ता पैदल तय किया। घने अंधेरे और जंगली क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों की मदद, सर्चलाइट और GPS नेविगेशन के जरिए टीम बच्चों के स्थान तक पहुंची।
उफनती नदी से एक-एक कर निकाले गए बच्चे
होमगार्ड कमांडेंट भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ जवानों ने तेज बहाव के बीच साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जवानों ने एक-एक कर सभी 9 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी एसपी अनुराग सुजानिया ने कंट्रोल रूम से की। मौके पर एएसपी नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी प्रकाश मिश्रा ने पुलिस एवं एसडीआरएफ टीमों का नेतृत्व किया।
सभी बच्चे सुरक्षित, मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंपे
रेस्क्यू किए गए सभी 9 बच्चों का मेडिकल चेकअप कराया गया। जांच में सभी स्वस्थ पाए गए, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इस साहसिक अभियान में एसडीआरएफ जवान मुकुल यादव, मनोज देशमुख, धर्मेंद्र चौहान, नीरज सौर, प्रयास तिवारी, हवलदार भागवती पटेल सहित शाहपुर, गढ़ाकोटा, रहली और बहेरिया पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस और एसडीआरएफ की तत्परता से समय रहते सभी 9 बच्चों की जान बच गई। दुर्गम जंगल और उफनती नदी के बीच चलाया गया यह रेस्क्यू ऑपरेशन टीम के साहस और समन्वय का उदाहरण बना।
ये भी पढ़े – सागर में केसली कृषि उपज मंडी का नाम बदला, अब ‘वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी कृषि उपज मंडी’ के नाम से होगी पहचान
- sagar-abchand-gadheri-river-sdrf-police-rescue-9-children









