
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत रविवार को अभियान के पांचवें दिन सागर जिले में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में जिले के सभी 35 थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
अभियान के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में ऑटो, ई-रिक्शा, बसों तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर “नशे से दूरी है जरूरी” संदेश वाले पोस्टर लगाए गए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंच सके। सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से जिले के प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। कलाकारों ने नशे की लत से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक दुष्परिणामों का मंचन कर लोगों को जागरूक किया। साथ ही युवाओं और विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की गई।
जिले के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, वाहन चालकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया। कार्यक्रमों में शामिल लोगों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान केवल पुलिस का नहीं बल्कि पूरे समाज का अभियान है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों या अवैध शराब के निर्माण, परिवहन अथवा बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सके। सागर पुलिस के अनुसार, “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत आगामी दिनों में भी जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।
ये भी पढ़े – सागर पुलिस की संवेदनशील पहल, 4 घंटे की मशक्कत के बाद बिछड़े बुजुर्ग को सकुशल परिवार से मिलाया
- sagar-nashe-se-doori-hai-jaruri-2-0-awareness-drive-35-police-stations-public-awareness-program










