
सार
भोपाल/ आदि मिश्रा: सागर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मामले को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर है। इसी कड़ी में युवा कांग्रेस ने आबकारी एवं वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के भोपाल स्थित निवास का घेराव किया और उनका पुतला दहन कर विरोध जताया।
विस्तार
सागर में जहरीली शराब से 14 से अधिक लोगों की मौत के बाद कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भोपाल में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के निवास का घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जगदीश देवड़ा का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मध्य प्रदेश में शराब माफिया का दबदबा बढ़ता जा रहा है। उनका दावा है कि प्रदेश में कई जगहों पर अवैध और नकली शराब की बिक्री हो रही है, लेकिन सरकार और आबकारी विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सागर में हुई मौतें सरकार की आबकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। युवा कांग्रेस ने जहरीली शराबकांड की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने उपमुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा से इस्तीफे की मांग भी की। युवा कांग्रेस का कहना है कि जब प्रदेश में अवैध शराब के कारण लोगों की जान जा रही है, ऐसे में सरकार को जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कदम उठाने चाहिए।
- Sagar Poisonous Liquor Case Youth Congress Protest Jagdish Devda








