
गुना/मोहित सोनी की रिपोर्ट: समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय सेवा भारती गुना द्वारा विंध्याचल कॉलोनी स्थित महावीरपुरा सेवा बस्ती में महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। शिविर का शुभारंभ स्वर्गीय डॉ. के.सी. दीक्षित के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों और चिकित्सकों का स्वागत किया गया।
सेवा कार्य की सराहना
शिविर में सेवा भारती के जिला सचिव मनोज रघुवंशी, डॉ. रामवीर सिंह रघुवंशी, गिर्राज भार्गव एवं नरेंद्र सिंह सेंगर विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने वंचित वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की इस पहल की सराहना की और इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
डॉ. रश्मि दीक्षित ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रश्मि दीक्षित ने महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। उन्होंने महिलाओं को सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं, खान-पान में होने वाली लापरवाही और मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
हीमोग्लोबिन जांच रही प्रमुख सुविधा
शिविर में महिलाओं में खून की कमी यानी एनीमिया की समस्या को ध्यान में रखते हुए हीमोग्लोबिन (Hb) की जांच निःशुल्क की गई। जांच के बाद महिलाओं को रिपोर्ट के अनुसार खान-पान में सुधार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।
महिलाओं ने जताया आभार
महावीरपुरा सेवा बस्ती की बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। स्थानीय महिलाओं ने सेवा भारती और चिकित्सकीय टीम का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जांच की सुविधा मिलती है। महिलाओं ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।
ये भी पढ़े – सिंधिया के अल्टीमेटम के एक साल बाद भी गुना में भू माफिया बेखौफ: नदियां और तालाब अतिक्रमण की जद में
- sewa-bharti-guna-free-women-health-camp-mahavirpura-hemoglobin-checkup










