
सार
कुलदीप शर्मा|शिवपुरी। सईसपुरा मीट मार्केट क्षेत्र में कई दिनों से जमा कचरे की सफाई नगर पालिका कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म होने के बाद कर दी थी, लेकिन सड़क और नाले के आसपास बची गंदगी से उठ रही तेज बदबू से राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान थे। शिकायत मिलने के बाद पानी का टैंकर मौके पर पहुंचा। समस्या के समाधान के लिए पत्रकार अरशद अली ने खुद लेजम संभालकर सड़क और नाले के आसपास पानी का छिड़काव कराया, जिसके बाद काफी हद तक बदबू से राहत मिली।
विस्तार
शिवपुरी। शहर के सईसपुरा मीट मार्केट क्षेत्र में करीब 5 से 7 दिनों से जमा कचरे की सफाई नगर पालिका की हड़ताल खत्म होने के बाद सफाई कर्मचारियों द्वारा कर दी गई थी। हालांकि, सफाई के बाद भी सड़क और नाले के आसपास जमा गंदगी तथा कचरे के अवशेषों से उठ रही तेज बदबू ने राहगीरों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ा दी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बदबू इतनी अधिक थी कि स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को नाक बंद कर वहां से गुजरना पड़ रहा था। लंबे समय तक समस्या बनी रहने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
मामले की जानकारी पत्रकार अरशद अली ने नगर पालिका सीएमओ यशवंत राठौर को दी। इसके साथ ही उन्होंने सफाई दरोगा सुनील को भी मौके की स्थिति से अवगत कराया और समस्या के समाधान की मांग की।
जानकारी मिलने के बाद मौके पर पानी का टैंकर बुलाया गया। इसके बाद समस्या के समाधान के लिए पत्रकार अरशद अली खुद आगे आए और लेजम अपने हाथ में संभाल ली। उन्होंने सड़क और नाले के आसपास जमा गंदगी पर पानी की तेज धार से छिड़काव कराया, जिससे वहां मौजूद गंदगी के अवशेष साफ हुए और बदबू से भी काफी हद तक राहत मिली।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत महसूस की। सफाई के बाद भी बनी हुई बदबू की समस्या को दूर करने के लिए पत्रकार द्वारा खुद आगे आकर सफाई में सहयोग करने का यह प्रयास स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय रहा। लोगों का कहना है कि नियमित सफाई के साथ-साथ नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा गंदगी को समय-समय पर पानी से साफ किया जाए, ताकि बदबू और गंदगी की समस्या दोबारा न बने।
ये भी पढ़े – चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का रौद्र रूप, घर-दुकानें जलमग्न; बाढ़ से भारी नुकसान
- shivpuri-saeispura-meat-market-garbage-smell-journalist-arshad-ali-cleaning








