
रतलाम: रतलाम पुलिस ने वाहन स्टेपनी चोरी की लगातार हो रही वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चार स्टेपनियां, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। वहीं मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना स्टेशन रोड पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को अशोक नगर निवासी अजमल खान ने थाना स्टेशन रोड में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी महिंद्रा बोलेरो लोडिंग वाहन जनक अस्पताल के सामने खड़ी की थी। सुबह वाहन के पास पहुंचने पर उसकी स्टेपनी गायब मिली। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि सुबह तीन युवक वाहन के आसपास संदिग्ध रूप से घूमते देखे गए थे।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि सब्जी मंडी क्षेत्र से भी कई वाहन मालिकों की स्टेपनियां चोरी हुई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान 1 जून को पुलिस को सूचना मिली कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्ध युवक करमदी रोड क्षेत्र में देखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन स्टेपनी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई चार स्टेपनियां, वारदात में प्रयुक्त हीरो मोटरसाइकिल तथा चोरी के औजार बरामद किए। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने इससे पहले सब्जी मंडी क्षेत्र से तीन अन्य वाहनों की स्टेपनियां भी चोरी की थीं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप डामर (20), वीरम मकवाना (19), मनीष मईड़ा (22) निवासी शंभूपाड़ा, जिला धार तथा एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है। वहीं अंकित देवड़ा, राजेश चौहान और अर्जुन डामर नामक तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य जिलों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
- ratlam-police-bust-stepney-theft-gang-four-accused-arrested-stolen-tyres-recovered







