
छतरपुर/अमित अवस्थी की रिपोर्ट: जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के लुगासी चौकी अंतर्गत आने वाले मड़रका गांव में मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद पटेल और कुशवाहा परिवार के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। पटेल परिवार का आरोप है कि कुशवाहा परिवार के लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में अजय पटेल ने नौगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि विवाद का स्थायी समाधान नहीं हो सका। पीड़ित पक्ष के अनुसार, शुक्रवार सुबह पुरुषोत्तम कुशवाहा, गोरेलाल कुशवाहा और रामरतन कुशवाहा उनके घर के पास बने बाड़े में पहुंचे और वहां बंधी भैंसों को खोल दिया। आरोप है कि उन्होंने बाड़े की दीवार भी तोड़ दी। जब श्यामलाल पटेल ने इसका विरोध किया तो उस पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में श्यामलाल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए।
शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे दरवेश पटेल, कामता पटेल, आकाश, राजपति, रामपाल और अजय पटेल पर भी हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। मारपीट की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को तत्काल नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद श्यामलाल पटेल, दरवेश पटेल और कामता पटेल की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार इनमें दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल दरवेश पटेल ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। 
उनका आरोप है कि पुलिस ने कुशवाहा पक्ष के कहने पर केवल सात लोगों के नाम एफआईआर में दर्ज किए हैं, जबकि हमले में शामिल अन्य लोगों के नाम शामिल नहीं किए गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है। वहीं वायरल वीडियो भी पुलिस जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है, ताकि मारपीट में शामिल सभी लोगों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
ये भी पढ़े – जावरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लग्जरी महिंद्रा थार से 200 किलो डोडाचूरा जब्त, ₹25 लाख का मशरूका बरामद
- chhatarpur-naugaon-madarka-village-clash-patel-kushwaha-families-six-injured-viral-video









