
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के गजौरा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को आदिवासी समाज के लोगों ने प्रतिमा हटाने की मांग को लेकर पिछोर-बसई मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वहीं बहुजन समाज के लोगों ने प्रतिमा को यथावत रखने की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात सामान्य कराया गया। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात अज्ञात लोगों ने गजौरा गांव की आदिवासी बस्ती में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। सोमवार सुबह प्रतिमा देख आदिवासी समाज के लोगों ने इसका विरोध जताया। उनका आरोप है कि प्रतिमा स्थापित करने के दौरान उनकी झोपड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया और यह उनकी जमीन पर कब्जा करने की साजिश का हिस्सा है। आदिवासी समाज का कहना है कि वे पिछले 20 वर्षों से उक्त स्थान पर निवास कर रहे हैं।
आदिवासी समाज ने प्रशासन को प्रतिमा हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। तय समय सीमा बीतने के बाद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने मंगलवार को चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। इसके जवाब में बहुजन समाज के लोग भी प्रतिमा को उसी स्थान पर बनाए रखने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि प्रतिमा किसने स्थापित की, इसकी जांच की जा रही है। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
ये भी पढ़े – पेपर लीक के विरोध में शिवपुरी में प्रदर्शन की तैयारी: छात्राओं ने कलेक्टर से मांगी धरने और रैली की अनुमति
- shivpuri-gajoura-ambedkar-statue-dispute-two-groups-protest-road-block-fir-registered










