
भोपाल।आदि मिश्रा| दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के शासकीय कर्मचारियों को लेकर दिए गए बयान पर प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कड़ा हमला बोला है। उन्होंने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है। वहीं कांग्रेस ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी हार के डर से घबराई हुई है।
विश्वास सारंग ने उठाए बयान पर सवाल
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि चुनाव के दौरान शासकीय कर्मचारियों को लेकर दिया गया बयान चुनाव आचार संहिता के खिलाफ है। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। सारंग का कहना है कि चुनाव निष्पक्ष और नियमों के अनुसार होना चाहिए।
कांग्रेस का पलटवार, बीजेपी पर लगाए आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता कुंदन पंजाबी ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दतिया उपचुनाव में कांग्रेस को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी संभावित हार से घबराकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस का दावा है कि उपचुनाव में पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी।
चुनावी माहौल में बढ़ी बयानबाजी
दतिया उपचुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। चुनावी प्रचार के बीच नेताओं के बयानों पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो रही हैं। अब इस पूरे मामले में चुनाव आयोग की ओर से कोई प्रतिक्रिया या कार्रवाई होती है या नहीं, इस पर सभी की नजर रहेगी।
यह भी पढ़े: भोपाल के जेपी अस्पताल से आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त, कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप
- datia-bypoll-jitu-patwari-statement-vishvas-sarang-congress-row









