
जबलपुर/शेख सिकंदर: जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी और उसके पुत्र पर झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने, जमीन पर अवैध कब्जा करने, फसल कटवाने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन सौंपा है।
आवेदन देने पहुंचे अखिल सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि उनकी पहली पत्नी वंदना पटेल तथा आकाश पटेल (पहली पत्नी का पुत्र) ने करीब एक वर्ष पहले उनके खिलाफ झूठा आपराधिक मामला दर्ज कराया था। उनका कहना है कि आरोपियों ने उनके घर में घुसकर उन्हें गोली मारने की धमकी भी दी। इसके अलावा उनके विरुद्ध चेक बाउंस और हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित कुल तीन झूठे प्रकरण दर्ज कराए गए।
पीड़ित का आरोप है कि इन मामलों के चलते उन्हें करीब दो महीने तक जेल में रहना पड़ा। इस दौरान आरोपियों ने उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर लगभग 4 लाख रुपये मूल्य की धान की फसल कटवा ली। साथ ही उनकी कृषि भूमि पर कब्जा कर वहां धान की फसल लगा दी और निगरानी के लिए कैमरे भी स्थापित कर दिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके मकान पर ताला लगा दिया गया, जिससे वे अपनी संपत्ति का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
अखिल सिंह पटेल का कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर राजनीतिक प्रभाव होने के कारण उनकी शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसी कारण उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जमीन से कथित अवैध कब्जा हटाने, जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ये भी पढ़े – जबलपुर में टायर गोदाम में भीषण आग: एक घंटे की मशक्कत के बाद पांच दमकलों ने पाया काबू
- sagar-man-alleges-false-cases-land-grab-death-threat-submits-complaint-to-sp-office









