
सागर: जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 12 घंटे के भीतर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, ग्राम मगरधा में एक युवक के साथ गाली-गलौज के बाद उस पर जानलेवा हमला किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
गाली-गलौज के बाद युवक पर जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, घटना 8 अगस्त 2026 की है। ग्राम मगरधा निवासी 20 वर्षीय हल्ले भाई, पिता मूलू रैकवार ने गढ़ाकोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि महेंद्र रैकवार और उसके अन्य साथियों ने उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। आरोप है कि हमलावर घटना के बाद युवक को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
फरियादी की शिकायत पर थाना गढ़ाकोटा में अपराध क्रमांक 611/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 109(2), 126(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए लगातार तलाश की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप घटना के 12 घंटे के भीतर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम महेन्द्र रैकवार, अजय रैकवार, दीपक रैकवार, मनोज रैकवार, सुरेन्द्र रैकवार, रिब्बू उर्फ रेवाराम रैकवार, एक अन्य आरोपी शामिल हैं।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव तिवारी, उपनिरीक्षक राजाराम धुर्वे, सहायक उपनिरीक्षक बलराम उपाध्याय, प्रेमनारायण शुक्ला, बलवंत सिंह चौधरी, प्रधान आरक्षक प्रमोद सोयाम, राजेश पाण्डेय, जगत प्रताप सिंह, राजदीप तिवारी, रवि पटैल तथा आरक्षक कोस्तुभमणि पाठक, परसराम अहिरवार एवं सुरेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गढ़ाकोटा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता और तत्परता सामने आई है। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी रखी है।
ये भी पढ़े – विश्व आदिवासी दिवस पर केसली में उमड़ा जनसैलाब, रानी दुर्गावती चौक से निकली भव्य रैली
- garhakota-police-arrested-7-accused-within-12-hours-in-attempt-to-murder-case-sagar








