
भोपाल।आदि मिश्रा| भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के शौर्य स्मारक पहुंचे। यहां उन्होंने प्रवासी सेनानी फोटो गैलरी का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा भोपाल शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देगी।
प्रवासी सेनानी फोटो गैलरी का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शौर्य स्मारक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रवासी सेनानी फोटो गैलरी का लोकार्पण किया। इस गैलरी में स्वतंत्रता आंदोलन और देश के लिए योगदान देने वाले प्रमुख व्यक्तित्वों से जुड़ी जानकारी और तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गैलरी में स्वामी विवेकानंद की यात्राओं और उनके विचारों से जुड़े प्रसंगों के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस के त्याग और बलिदान को भी दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन के योगदान से परिचित कराने का माध्यम हैं।
65 लाख शरणार्थियों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने भारत विभाजन के दौरान हुए विस्थापन का जिक्र करते हुए कहा कि विभाजन के समय करीब 65 लाख शरणार्थी भारत आए थे। वहीं बड़ी संख्या में लोग भारत से पाकिस्तान चले गए। उन्होंने विभाजन की परिस्थितियों के लिए तत्कालीन सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ऐसा दृश्य दोबारा देखने को नहीं मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को याद करने का उद्देश्य इतिहास से सीख लेना है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
पुलिस की तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा का भी शुभारंभ किया। तिरंगा यात्रा भोपाल शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरेगी। इसके जरिए स्वतंत्रता दिवस से पहले लोगों तक देशभक्ति और आजादी का संदेश पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। उन्होंने कहा कि भारत अपनी संस्कृति और विरासत को दुनिया के सामने आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
नो मीटिंग डे पर आदिवासी क्षेत्र जाएंगे सीएम
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उन्होंने दिन को ‘नो मीटिंग डे’ के रूप में रखा है। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को बड़वानी के आदिवासी अंचल का दौरा करेंगे। वहां स्थानीय लोगों के बीच पहुंचकर कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
कांग्रेस के सत्याग्रह पर सीएम का तंज
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे के दौरान कथित मंच शुद्धिकरण विवाद को लेकर कांग्रेस सत्याग्रह कर रही है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
सत्याग्रह को लेकर सवाल पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सत्य को ही नहीं जानती तो सत्याग्रह क्या करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर कूटनीति और झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को पहले आत्म-मूल्यांकन करने की जरूरत है। उनके बयान के बाद इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
यह भी पढ़े: Instagram ने 10 साल बाद बदला लोगो, इंटरनेट पर बना ‘Instagzam’ का मजाक
- bhopal-shaurya-smarak-vibhajan-vibhishika-smriti-diwas-mohan-yadav







