
लखनऊ/अलीगढ़ :उत्तर प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई देने की दिशा में योगी सरकार ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात दी है। अलीगढ़ मंडल में 13,000 स्क्वायर मीटर क्षेत्र में 57 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया ओलंपिक स्टैंडर्ड इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अब पूरी तरह बनकर तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इस अत्याधुनिक खेल परिसर को जनता को समर्पित करेंगे।
यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स न केवल अलीगढ़ बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक नया अवसर केंद्र बनने जा रहा है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का उद्देश्य गांव और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय मंच प्रदान करना है, जिससे वे बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के अनुसार यह मंडल का पहला विश्वस्तरीय इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स है, जिसे पूरी तरह ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। यहां खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं दोनों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कॉम्प्लेक्स की सबसे बड़ी विशेषता इसका अत्याधुनिक स्विमिंग पूल है, जिसे राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त बनाया गया है। इससे अब अलीगढ़ मंडल के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इसके अलावा परिसर में मल्टीपर्पज हॉल भी बनाया गया है, जहां विभिन्न इनडोर खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार किया गया है। खिलाड़ियों के लिए आधुनिक जिम, बिलियर्ड्स रूम और हाईटेक फिटनेस सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को एक पूर्ण खेल हब के रूप में विकसित किया गया है, जहां दर्शकों के लिए अत्याधुनिक स्पेक्टेटर गैलरी बनाई गई है। बड़ी संख्या में दर्शक यहां बैठकर प्रतियोगिताओं का आनंद ले सकेंगे। साथ ही वीआईपी रूम, मीडिया रूम और आधुनिक लाउंज जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे राष्ट्रीय और बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी संभव हो सकेगी।
नगर प्रशासन के अनुसार यह परियोजना खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों और आयोजकों के लिए भी पूरी तरह तैयार की गई है, जिससे अलीगढ़ भविष्य में बड़े खेल आयोजनों का केंद्र बन सके। इस कॉम्प्लेक्स के शुरू होने से अलीगढ़ और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को अब प्रशिक्षण के लिए दिल्ली, नोएडा या लखनऊ जैसे शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
सरकार का मानना है कि यह परियोजना ‘खेलेगा यूपी, खिलेगा यूपी’ विजन को और मजबूत करेगी। प्रदेश में मिनी स्टेडियम, जिला स्तर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं वाले केंद्रों के जरिए युवाओं को खेलों से जोड़ने का काम लगातार किया जा रहा है। स्थानीय खेल प्रेमियों और नागरिकों में इस परियोजना को लेकर उत्साह है। लोगों का मानना है कि यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अलीगढ़ की पहचान को नया आयाम देगा।
अब तक ताला उद्योग और शिक्षा के लिए पहचाना जाने वाला अलीगढ़ आने वाले समय में खेल प्रतिभाओं के उभरते केंद्र के रूप में भी जाना जाएगा। खिलाड़ियों का कहना है कि विश्वस्तरीय सुविधाओं की उपलब्धता से उनके सपनों को नई दिशा मिलेगी और आने वाले वर्षों में अलीगढ़ से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी निकलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
- aligarh-olympic-sports-complex-up-yogi-government-sports-hub-2026







