
अम्बाह/ महेंद्र सिंह लहरिया: मुरैना जिले के अम्बाह थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में महिला के पति समेत तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की गई है।
गोली मारकर महिला की हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को ग्राम करके कापुरा निवासी सुरेश सिंह तोमर ने अम्बाह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी रानी सिकरवार की उसके पति सोहन सिकरवार ने अपने माता-पिता के उकसावे में आकर लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 361/26 दर्ज कर धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी ने गठित की विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन और एसडीओपी अम्बाह रवि सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक 7 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मामले में वांछित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी सोहन सिकरवार द्वारा पत्नी की हत्या करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई करीब 40 हजार रुपये कीमत की लाइसेंसी पिस्टल बरामद की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेश सिंह कुशवाह, उप निरीक्षक प्रज्ञाशील, प्रधान आरक्षक रघुनन्दन सिंह, महिला प्रधान आरक्षक प्रतिभा, आरक्षक जोगेन्द्र सिंह, आरक्षक ओमप्रकाश और आरक्षक मनीष सिरोठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़े: मैहर में आवारा पशुओं का मुद्दा गरमाया, नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
- ambah-me-patni-ki-hatya-ka-24-ghante-me-khulasa-pati-samet-3-aaropi-giraftar








