
सतना/ राजकुमार शर्मा: जिले के उचेहरा क्षेत्र के पोंड़ी-पिथौराबाद में हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन के टावरों के आसपास मिट्टी उत्खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टावरों की नींव के बेहद करीब जेसीबी से गहरी खोदाई कर मिट्टी निकाली जा रही है। निकाली गई मिट्टी को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और डंपरों के जरिए अन्य स्थानों पर ले जाने की बात भी सामने आई है।
टावरों की नींव के पास गहरी खोदाई से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों के मुताबिक टावरों के आसपास लगातार खोदाई किए जाने से जमीन की स्थिति प्रभावित हो रही है। लोगों को आशंका है कि बारिश के दौरान मिट्टी कमजोर होने पर टावरों की नींव की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।
लोगों का कहना है कि मामले की जानकारी एसडीएम सहित संबंधित अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद मौके पर मिट्टी की खोदाई जारी रहने की बात सामने आ रही है। वहीं, उत्खनन में प्रभावशाली लोगों की कथित भूमिका की चर्चा के कारण स्थानीय लोग खुलकर विरोध करने से बच रहे हैं।
टावरों के पास खनन पर रोक के निर्देश
बताया गया है कि बीते महीने जिला पंचायत सतना के सीईओ ने सतना और मैहर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत टावरों के आसपास किसी भी प्रकार के खनन कार्य पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए थे। आदेश में ग्राम पंचायत सचिवों को अपने अपने क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए थे।
आदेश के बावजूद उत्खनन का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद पोंड़ी पिथौराबाद क्षेत्र में टावरों के आसपास मिट्टी उत्खनन का काम जारी है। ऐसे में अब प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर उत्खनन की जांच कराई जाए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़े: मैहर में आवारा पशुओं का मुद्दा गरमाया, नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
- satna-uchehra-high-tension-tower-foundation-near-illegal-soil-excavation-jcb









