
भिंड/रामपाल सिंह कुशवाह: कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 83 आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान गंभीर बीमारियों के उपचार में सहायता, बिजली बिलों में सुधार, हैंडपंपों के संधारण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सड़क दुर्घटना सहायता, हितग्राही मूलक योजनाओं, बीपीएल राशन कार्ड तथा भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से सामने आए।
कलेक्टर ने सभी मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदकों को भी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
ये भी पढ़े – मानसून में शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने के लिए पीएचई विभाग अलर्ट, भिंड जिले में क्लोरीनेशन और जल नमूनों की जांच तेज
- bhind-collector-public-hearing-83-applications-grievance-redressal-jansunwai









