
भिण्ड/रामपाल सिंह कुशवाह: कलेक्टर भिण्ड के निर्देश एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने भिण्ड शहर और मेहगांव में सघन जांच अभियान चलाकर खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न दुकानों से मावा, पनीर, दही, मिठाइयों और नमकीन के नमूने एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे। भिण्ड शहर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती किरण सेंगर ने बस स्टैंड स्थित बाबा स्वीट्स से मावा एवं पनीर, राधिका डेयरी एंड प्रोविजन से पनीर, बसन्ती मिष्ठान भंडार से मावा तथा राजेन्द्र दूध भंडार से पनीर एवं दही के नमूने लिए।
वहीं मेहगांव में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कु. रेखा सोनी ने भिण्ड तिराहा और मौ रोड स्थित मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर प्राथमिक जांच की गई। महादेव मिष्ठान भंडार, संध्या मिष्ठान भंडार, विनोद किराना स्टोर और बोहरे स्वीट्स से बूंदी, मावा बर्फी, बेसन के लड्डू, मावा पेड़ा, मावा गुजिया, नमकीन और कुकीज के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
ये भी पढ़े – भिण्ड में नेशनल हाईवे-552 पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, महिला गंभीर घायल
निरीक्षण के दौरान बोहरे स्वीट्स, महादेव मिष्ठान भंडार और संध्या मिष्ठान भंडार में साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं पाया गया। साथ ही खाद्य पदार्थों को अखबार पर रखकर बेचने और बिना ढंके रखने जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी कु. रेखा सोनी ने संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने का प्रस्ताव भेजा।
कार्रवाई के दौरान खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में इस प्रकार के निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
- bhind-food-safety-department-collects-mawa-paneer-sweets-samples-cleanliness-violations-mehgaon








