
बुरहानपुर: गणपति नाका थाना क्षेत्र में इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर अपने बच्चे के साथ स्कूटी से जा रही महिला को बाइक सवार दो युवकों ने कथित तौर पर बंदूकनुमा लाइटर दिखाकर डराने का प्रयास किया। घटना के दौरान महिला घबराकर स्कूटी से गिर गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने बच्चे के साथ हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसका पीछा करने लगे। आरोप है कि युवकों ने महिला को डराने के लिए बंदूकनुमा वस्तु से फायर करने जैसी हरकत की। इससे महिला घबरा गई और स्कूटी से गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही गणपति नाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और महिला से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान की।
पुलिस ने तौहीर उद्दीन (23) और आसिफ जफर (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश के चलते महिला को डराने की नीयत से बंदूकनुमा लाइटर का इस्तेमाल करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से असली हथियार के बजाय बंदूक के आकार का लाइटर होने की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ शांति भंग करने की कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों को भी देखा गया। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर में जंगली सूअरों का आतंक, मक्का की फसल बचाने रातभर खेतों में पहरा दे रहे किसान
- burhanpur-woman-threatened-with-gun-shaped-lighter-on-scooty-two-accused-arrested









