
सार
मोहित सोनी| गुना में सेवा भारती द्वारा 6 से 13 सितंबर 2026 तक चलने वाले ‘सुपोषण सप्ताह’ का शुभारंभ सेवा बस्ती में जनजागरूकता अभियान के साथ किया गया। पहले दिन कार्यकर्ताओं और संस्कार केंद्र की शिक्षिकाओं ने करीब 60 परिवारों से संपर्क कर संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और कुपोषण से बचाव की जानकारी दी। बच्चों, गर्भवती और धात्री माताओं के पोषण पर विशेष जोर दिया गया।
विस्तार
गुना में सेवा भारती द्वारा रविवार से ‘सुपोषण सप्ताह’ की शुरुआत की गई। अभियान का उद्देश्य समाज में संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली और कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान 6 से 13 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा, जिसके तहत सप्ताहभर विभिन्न स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के पहले दिन सेवा भारती के कार्यकर्ताओं और संस्कार केंद्र की शिक्षिकाओं ने सेवा बस्ती में घर-घर पहुंचकर करीब 60 परिवारों से प्रत्यक्ष संपर्क किया। इस दौरान परिवारों को सुपोषण के महत्व से संबंधित जागरूकता पत्रक वितरित किए गए। बच्चों, गर्भवती और धात्री माताओं सहित परिवार के सभी सदस्यों के लिए आवश्यक संतुलित आहार की जानकारी भी दी गई।
सेवा भारती के जिला सचिव मनोज रघुवंशी ने कहा कि शरीर को पर्याप्त ऊर्जा, प्रोटीन, विटामिन और खनिज नहीं मिलने से कुपोषण की स्थिति बन सकती है, जिसका असर बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि सुपोषण केवल पेट भरने तक सीमित नहीं है, बल्कि भोजन में जरूरी पोषक तत्वों का संतुलन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने दैनिक आहार में अनाज, दालें, दूध-दही, हरी सब्जियां, मौसमी फल और पर्याप्त पानी शामिल करने की अपील की।
सुपोषण सप्ताह के दौरान लोगों को जंक फूड और अत्यधिक तैलीय भोजन से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों और गर्भवती महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा समय पर टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी। संस्था का उद्देश्य पोषण संबंधी जागरूकता को केवल पत्रक वितरण तक सीमित न रखकर इसे परिवारों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना है।
कार्यक्रम में सेवा भारती के विभाग समन्वयक प्रमोद यादव, जिला सचिव मनोज रघुवंशी, श्रीमती नीरू शर्मा सहित संस्कार केंद्र की शिक्षिकाएं और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
ये भी पढ़े – सत्या निकेतन PG हादसे पर दिल्ली HC सख्त, MCD की हाई लेवल जांच के आदेश; रेस्क्यू ऑपरेशन दोगुना करने को कहा
- guna-seva-bharati-suposhan-saptah-awareness-campaign-2026









