
सार
मोहित सोनी | गुना के म्याना में लगातार बारिश के बीच रेलवे अंडरब्रिज में करीब 4 फीट पानी भर गया। इसके बावजूद रास्ते पर बैरिकेडिंग या चेतावनी की व्यवस्था नहीं होने से सोमवार रात मथुरा से लौट रहा एक परिवार कार सहित गहरे पानी में फंस गया। पानी बढ़ने से कार के दरवाजे भी नहीं खुल रहे थे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय युवाओं ने मौके पर पहुंचकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और जलभराव वाले मार्ग पर निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विस्तार
गुना जिले के म्याना में लगातार बारिश के कारण रेलवे अंडरब्रिज में भारी जलभराव के बीच सोमवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 4 फीट पानी भरे अंडरब्रिज से गुजरने की कोशिश में मथुरा से लौट रहा एक परिवार कार समेत गहरे पानी में फंस गया। राहत की बात रही कि आसपास मौजूद स्थानीय युवाओं ने समय रहते मौके पर पहुंचकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते म्याना रेलवे अंडरब्रिज में कई फीट पानी भर गया था। इससे पहले रविवार को भी पानी में ईंटों से भरा एक ट्रक फंस गया था। ट्रक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। इसके बावजूद अंडरब्रिज पर आवागमन रोकने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए जाने का आरोप है।
सोमवार रात करीब 11 बजे मथुरा से लौट रहा परिवार कार से अंडरब्रिज की ओर पहुंचा। रास्ते में बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण चालक को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं हो सका। कार जैसे ही आगे बढ़ी, वह गहरे पानी में फंस गई और कुछ ही देर में बंद हो गई। पानी बढ़ने के कारण कार के अंदर बैठे परिवार के सदस्यों में घबराहट फैल गई।
बताया जा रहा है कि पानी का दबाव बढ़ने के कारण कार के दरवाजे भी नहीं खुल रहे थे। परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास रहने वाले पुष्पेंद्र चौहान, आनंद भदौरिया और अन्य स्थानीय युवक तत्काल मौके पर पहुंचे। युवाओं ने जोखिम उठाते हुए कार को धक्का देकर पीछे की ओर खींचा और काफी मशक्कत के बाद वाहन को पानी से बाहर निकाला। इस तरह परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
ये भी पढ़े – सत्या निकेतन PG हादसे पर दिल्ली HC सख्त, MCD की हाई लेवल जांच के आदेश; रेस्क्यू ऑपरेशन दोगुना करने को कहा
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में रेलवे प्रशासन की व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब एक दिन पहले ही इसी अंडरब्रिज में ट्रक पानी में फंस चुका था, तब भी मार्ग को सुरक्षित तरीके से बंद नहीं किया गया। यदि बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड समय रहते लगाए जाते तो कार चालक को पानी की गहराई का अंदाजा हो सकता था और परिवार की जान जोखिम में नहीं पड़ती।
लगातार बारिश के कारण गुना जिले के कई रेलवे अंडरब्रिज और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हाल ही में म्याना अंडरब्रिज में ट्रक के फंसने की घटना भी सामने आई थी, जिसके बाद आसपास के कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ था।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि रेलवे प्रशासन जलभराव वाले अंडरब्रिज पर तत्काल स्थायी जल निकासी की व्यवस्था करे। बारिश के दौरान पानी की निर्धारित सीमा से अधिक भरने पर मार्ग को बैरिकेडिंग कर बंद किया जाए और दोनों ओर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि कोई वाहन चालक अनजाने में जान जोखिम में डालकर अंडरब्रिज में प्रवेश न करे।
फिलहाल इस घटना में परिवार के सभी सदस्यों के सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है। लेकिन घटना ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि जब अंडरब्रिज में पहले ही एक वाहन फंस चुका था, तो उसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं बढ़ाई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में किसी बड़े हादसे से पहले रेलवे प्रशासन को जलभराव वाले अंडरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाने चाहिए।
ये भी पढ़े – सत्य निकेतन इमारत हादसे में 7 की मौत, MCD के 5 अधिकारी सस्पेंड
- myana-railway-underbridge-waterlogging-car-rescue-guna








