
ग्वालियर: थाटीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरेश नगर स्थित सरकारी मल्टी के पास पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कालू सेन का कुछ समय पहले स्थानीय युवक महाकाल से विवाद हुआ था, जिसके बाद कालू ने उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। आरोप है कि महाकाल और उसके साथी लगातार कालू पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे थे।
शुक्रवार शाम जब कालू अपने भाई और दोस्त के साथ सुरेश नगर के पास खड़ा था, तभी महाकाल अपने साथियों लल्ला चौहान, टिंकू चौहान, राजा जाटव, अंकित चौरसिया सहित अन्य बदमाशों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि विवाद के बाद सभी ने लाठी-डंडों और सरियों से कालू पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल कालू को उसके परिजन जयारोग्य चिकित्सालय समूह के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नामजद आरोपियों महाकाल और उसके साथियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़े – ग्वालियर में नगर निगम की लापरवाही उजागर, पानी की टंकी में मिला मरा हुआ सांप, 19 हजार लोग प्रभावित
- gwalior-thathipur-murder-case-old-enmity-attack-kalu-sen-2026









