
सार
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाराष्ट्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यहां कथित तौर पर MD यानी मेफेड्रोन ड्रग्स तैयार की जा रही थी। महाराष्ट्र की मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई के दौरान करीब 69.759 किलोग्राम MD बरामद की है। पुलिस के मुताबिक जब्त माल की कीमत करीब 139 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में अलग-अलग राज्यों से जुड़े कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रयागराज में एक खेत के अंदर टीन के शेड में ड्रग्स बनाने का कथित कारखाना संचालित किया जा रहा था। यहां MD तैयार करने के लिए रसायनों और प्रयोगशाला में इस्तेमाल होने वाले सामान का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस ने फैक्ट्री से ड्रग्स के अलावा बड़ी मात्रा में रसायन और लैब से जुड़ा सामान भी बरामद किया है। इस कार्रवाई ने यह भी उजागर किया है कि ड्रग्स का नेटवर्क केवल एक शहर तक सीमित नहीं था, बल्कि कई राज्यों तक फैला हुआ था।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा नालासोपारा में दो युवकों की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई जांच से हुआ। पुलिस को पूछताछ और जांच के दौरान ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े कई अहम सुराग मिले। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और महाराष्ट्र के अलावा गुजरात तथा उत्तर प्रदेश तक पुलिस पहुंची।
जांच में ऐसे लोगों के नाम सामने आए जो MD बनाने के लिए रसायन और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने, ड्रग्स तैयार करने, उसकी बिक्री और आर्थिक लेनदेन में कथित तौर पर शामिल थे।
पुलिस के अनुसार इस मामले में महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश से जुड़े लोग सामने आए हैं। जांच में मुंबई, नालासोपारा, कल्याण, नेरळ और जलगांव समेत कई स्थानों पर MD की बिक्री और सप्लाई से जुड़े लिंक मिले।
अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ड्रग्स भी बरामद की। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े और कितने लोग हैं और तैयार की जा रही MD को किन-किन शहरों में सप्लाई किया जाता था।
पुलिस कार्रवाई के दौरान करीब 18.70 लाख रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। इसके अलावा MD बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और प्रयोगशाला का सामान भी जब्त किया गया है। कुल बरामदगी को देखते हुए पुलिस इसे ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मान रही है।
मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों के तार किसी अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री में तैयार MD की सप्लाई किन राज्यों और शहरों में की जाती थी।
फिलहाल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस कार्रवाई से अवैध सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण और सप्लाई के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने का दावा किया गया है।
- maharashtra-police-busts-prayagraj-drug-factory-21-arrested








