
सागर मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: जिले में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बहरोल थाना पुलिस ने बिजली तार चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई अपराध दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर की, जिससे पूरे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना की जा रही है।
घटना बहरोल थाना क्षेत्र की है, जहां विद्युत तार चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। यह प्रकरण भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136 के तहत दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आजिम मकरानी, शहबाज मोमिन और संदीप लोधी शामिल हैं, जो सागर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान तीनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया, जिसमें लगभग 700 मीटर विद्युत तार और करीब 12 क्विंटल तार (मूस) शामिल है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस सफल कार्रवाई में थाना बहरोल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पूरे मामले को तेजी से सुलझाया गया।
ये भी पढ़े – शाहगढ़ पुलिस की तत्परता से परिजनों से मिला बिछड़ा 10 वर्षीय बालक, सोशल मीडिया और कंट्रोल रूम की मदद से हुई पहचान
- sagar-mp-electric-wire-theft-bahrol-police-arrest-three-accused-recovered-goods-3-lakh-2026







