
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए सागर पुलिस ने 18-19 जुलाई की मध्यरात्रि को जिलेभर में एकीकृत कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में 32 थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 वर्ष से फरार स्थायी वारंटियों सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा सभी सीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में लगभग 500 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर 78 स्थायी वारंट, 49 गिरफ्तारी वारंट और 29 जमानती वारंट तामील किए। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 12 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई तथा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किए गए।
अभियान के दौरान 86 हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों का सत्यापन किया गया। जिलेभर में कुल 270 वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। रात्रिकालीन अभियान में पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और अपराध संभावित इलाकों में सघन चेकिंग की। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ निगरानीशुदा बदमाशों को कानून का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरार अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कॉम्बिंग गश्त नियमित रूप से संचालित की जाएगी।
ये भी पढ़े – सागर पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, वेदांती आश्रम में रावतपुरा सरकार का लिया आशीर्वाद
- sagar-police-combing-drive-10-year-old-absconding-warrants-arrested










