
टीकमगढ़/धर्मेंद सिंह लोधी की रिपोर्ट: थाना बुड़ेरा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल तीन लोगों के लिए डायल-112 के जवान मददगार साबित हुए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की शाम करीब 4 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 भोपाल में थाना बुड़ेरा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस जवानों ने देखा कि दुर्घटना में तीन व्यक्ति घायल अवस्था में पड़े थे। जवानों ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तीनों घायलों को एफआरवी वाहन की सहायता से बल्देवगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का उपचार शुरू किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल टीकमगढ़ रेफर कर दिया।
डायल-112 जवानों की त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। टीकमगढ़ पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस लगातार तत्पर है तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़े – चार साल से फरार स्थाई वारंटी को कुड़ीला पुलिस ने दबोचा, न्यायालय में किया पेश
- tikamgarh-budera-road-accident-dial-112-injured-three-hospitalized






