
टीकमगढ़/दित्यपाल राजपूत की रिपोर्ट: जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ऊदल सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं वन स्टॉप सेंटर टीकमगढ़ की प्रशासक श्रीमती ज्योति पांडे के नेतृत्व में शासकीय हाई स्कूल बनयानी में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न शासकीय सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती शिखा शर्मा ने विद्यार्थियों को वन स्टॉप सेंटर योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं महिलाओं तथा बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा संकट की स्थिति में पीड़ित महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से चिकित्सा सुविधा, कानूनी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
ये भी पढ़े – टीकमगढ़ जनसुनवाई में 145 आवेदनों पर सुनवाई, 10 दिन में निराकरण के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें महिला हेल्पलाइन-181, आपातकालीन सेवा-112, साइबर अपराध हेल्पलाइन-1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 शामिल हैं। विद्यार्थियों को इन सेवाओं के उपयोग की प्रक्रिया समझाते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों और बाल अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए सोशल मीडिया और मोबाइल फोन का जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ उपयोग करने की सलाह दी गई। उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के जोखिम तथा साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, गुड टच-बैड टच की समझ तथा किसी भी प्रकार की अनुचित घटना होने पर बिना भय के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को तुरंत जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल बनयानी के प्राचार्य डॉ. हरिहर सिंह, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा वन स्टॉप सेंटर टीकमगढ़ का स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सुरक्षित एवं जागरूक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
ये भी पढ़े – टीकमगढ़ में दस्तक अभियान की स्पॉट चेकिंग, वार्ड-8 में बच्चों की स्क्रीनिंग का लिया जायजा
- tikamgarh-one-stop-centre-women-safety-cyber-crime-awareness-program-government-high-school-banayani








