
टीकमगढ़/धर्मेंद सिंह लोधी की रिपोर्ट: कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) द्वारा जारी मौसम आधारित कृषि परामर्श के अनुसार जिले में आगामी 3 से 4 दिनों तक मध्यम से भारी वर्षा, घने बादल और कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं हवा की गति 9 से 16 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना जताई गई है।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि संभावित वर्षा को देखते हुए खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करें, ताकि निचले क्षेत्रों में जलभराव न हो। विशेष रूप से सब्जियों, दलहनी और तिलहनी फसलों में पानी जमा होने से बचाने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।
ये भी पढ़े – टीकमगढ़ में अब स्कूलों की राजस्व अधिकारी करेंगे निगरानी, लापरवाही मिली तो शिक्षकों पर होगी कार्रवाई
आकाशीय बिजली और बारिश के दौरान किसानों से अनावश्यक रूप से खेतों में न जाने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है। साथ ही बिजली गिरने की आशंका के समय पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है। कृषि विज्ञान केंद्र ने बताया कि जिन किसानों की धान की नर्सरी 20 से 25 दिन की हो चुकी है, वे मुख्य खेतों में रोपाई शुरू कर सकते हैं। रोपाई से पहले पौधों की जड़ों को लगभग 30 मिनट तक एजोटोबैक्टर के घोल से उपचारित करने की सलाह दी गई है, जिससे फसल की बेहतर वृद्धि हो सके।
विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों एवं सब्जियों में कीट और रोगों की नियमित निगरानी करने की भी सलाह दी है। कद्दू वर्गीय सब्जियों में वर्षा के दौरान लताओं को जमीन से ऊपर सहारा देकर सुरक्षित रखने तथा मिर्च और टमाटर की फसलों में दिखाई देने वाले विषाणुजनित रोग से संक्रमित पौधों को उखाड़कर जमीन में दबाने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण का प्रसार रोका जा सके।
इसके अलावा वर्तमान मौसम को पौध प्रवर्धन के लिए अनुकूल बताते हुए किसानों को पपीता, करौंदा एवं फालसा का प्रवर्धन तथा जामुन, आंवला, अमरूद और देशी आम के पौधों पर कलम बांधने का कार्य शुरू करने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को भी सलाह दी गई है कि वर्षा के मौसम में गाय एवं भैंस के छोटे बछड़ों को सूखे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा उनके स्वास्थ्य और पोषण का विशेष ध्यान रखें।
ये भी पढ़े – टीकमगढ़ में राजस्व अधिकारियों को पदोन्नति, 5 नायब तहसीलदार बने तहसीलदार, 10 राजस्व निरीक्षक बने नायब तहसीलदार
- tikamgarh-weather-alert-heavy-rain-farm-advisory-krishi-vigyan-kendra-july-2026








