
दमोह: तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआ खेड़ा गांव से शुक्रवार को लापता हुए तीन वर्षीय बालक अनिरुद्ध सिंह का शनिवार दोपहर दर्दनाक अंत हो गया। पुलिस ने मासूम का शव उसके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर एक भूसे के ढेर से बरामद किया है। बालक की बेरहमी से हत्या कर शव को वहां फेंका गया था। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही तेजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं दमोह के नवागत पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी घटनास्थल पहुंचे और जांच की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बच्चे के शव पर चोट के निशान मिले हैं, जिसके चलते सागर से एफएसएल टीम को बुलाया गया है।
जांच के बाद ही मामले में और साक्ष्य सामने आ सकेंगे। पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर अनिरुद्ध सिंह अपने घर के आंगन में खेल रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया। बच्चे के पिता माखन सिंह ने बताया कि दो बेटियों के बाद उनके घर बेटा हुआ था, जिसके कारण वह पूरे परिवार का दुलारा था।
परिजनों का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे का अपहरण किया। गांव के कुछ बच्चों ने घर के पास एक सफेद रंग की कार खड़ी देखी थी, जिसमें अज्ञात लोग बच्चे को बैठाकर ले गए थे। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि मामला हत्या का है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की बात कही गई है।
ये भी पढ़े – दमोह में खाई में पलटी यात्री बस, 9 यात्री घायल
- damoh-three-year-old-child-murder-body-found-on-haystack-one-suspect-detained










