
सागर: जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहेरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 57.9 लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 5 हजार 150 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जलसा होटल के पास कुलिया (नाले) के समीप एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
ये भी पढ़े – सागर पुलिस की संवेदनशील पहल, 4 घंटे की मशक्कत के बाद बिछड़े बुजुर्ग को सकुशल परिवार से मिलाया
पुलिस को देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद मौके पर खड़ी बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और प्लास्टिक के थैलों की तलाशी लेने पर 280 क्वार्टर एवं 10 बोतल देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में मैकडॉवेल नं.1, आईबी, सिग्नेचर, गोवा व्हिस्की, ओल्ड मोंक रम, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल चैलेंज, बैकार्डी रम, मैजिक मोमेंट्स वोडका सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं।
जब्त शराब की कुल मात्रा 57.900 लीटर तथा कीमत 55,150 रुपये आंकी गई है। वहीं, जब्त मोटरसाइकिल की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना बहेरिया में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ शराब के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक देवेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक दीपक गुरुंग, सुनील पांडे, आरक्षक नरेन्द्र रावत, आरक्षक मनुप्रताप सिंह सहित बहेरिया थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़े – सागर में ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान तेज, 35 थाना क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- sagar-baheeriya-police-illegal-liquor-seized-57-litre-bike-jabt








