
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक की बोलेरो कैंपर से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को नागपुर से पकड़ा गया है। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट में कुछ युवक अपने साथी का जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच विवाद हुआ, जिसे उस समय शांत करा दिया गया। हालांकि, रिसॉर्ट से बाहर निकलने के बाद दोनों के बीच दोबारा कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में तुषार ढांडा ने अपनी बोलेरो कैंपर उज्ज्वल पर चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या में प्रयुक्त वाहन भी बरामद
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसकी तलाश शुरू की और नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और यदि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- korba-birthday-party-murder-main-accused-tushar-dhanda-arrested








