
सतना: उचेहरा क्षेत्र में निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन के पास स्थित बेशकीमती सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा और निर्माण का मामला सामने आया है। पटवारी हल्का अंतर्गत आराजी क्रमांक 518 की शासकीय जमीन पर अवैध प्लाटिंग और दुकानों का निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है।
ब्रांणवाणी को मिली जानकारी के अनुसार, कुछ रसूखदार भू-माफिया और स्थानीय तत्वों की मिलीभगत से इस सरकारी भूमि की अवैध रूप से खरीद-फरोख्त की जा रही है। साथ ही मौके पर बिना किसी अनुमति के निर्माण कार्य भी जारी है, जिससे सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है।
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यदि इस अवैध अतिक्रमण को नहीं रोका गया तो भविष्य में यहां अवैध कॉलोनियां विकसित हो जाएंगी, जिससे नगर विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में बाधा उत्पन्न होगी।
कांग्रेस ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच कर भू-माफियाओं की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी जमीन को बचाया जा सके और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सकें।
ब्यूरो रिपोर्ट: देवेश शर्मा
ये भी पढ़े – सतना में अनोखी प्रेम कहानी: महिला जेल अधिकारी ने पूर्व कैदी संग लिए सात फेरे
- satna-uchehara-government-land-encroachment-hospital-land-mafia-brahmandwani










